सामना संवाददाता / राजस्थान
राजस्थान के झुंझुनू में बुधवार रात एक सांड से बाइक टकराने पर कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात कॉन्स्टेबल ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी अचानक सांड सड़क पर आ गया। हादसे में कॉन्स्टेबल का सिर फट गया। उन्हें बीडीके हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसा हवाई पट्टी सर्किल के पास बुधवार रात को हुआ।
कॉन्स्टेबल विकास झाझड़िया (35) पुत्र अमर सिंह गोवला गांव के रहने वाले थे। वह 5 साल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विधि शाखा में तैनात थे। विकास की पत्नी अनीता पुलिस लाइन में तैनात हैं।
पुलिस के अनुसार, कॉन्स्टेबल विकास झाझड़िया रात में ऑफिस जा रहे थे। हवाई पट्टी सर्किल से आगे पुलिस लाइन तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसकी वजह से रास्ते को वन-वे किया गया है। विकास जैसे ही वन-वे से कट लेकर अपनी लेन में आए, तभी अचानक सामने सांड आ गया। सांड से बाइक टकराने के बाद विकास सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने विकास को बीडीके हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार सीपीआर देकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया। रात करीब 10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत, उप पुलिस अधीक्षक गोपाल ढाका और कोतवाल श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बीडीके हॉस्पिटल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
कॉन्स्टेबल विकास झाझड़िया वर्तमान में एसपी ऑफिस में तैनात थे। विकास 2011-12 बैच के कॉन्स्टेबल थे। उनकी पत्नी अनीता पुलिस लाइन में तैनात हैं। विकास की शादी 10 साल पहले हुई थी। विकास की बहन महिला थाने में तैनात हैं। विकास के दो छोटे बेटे हैं।
