मुख्यपृष्ठसमाचारप्रयाग ट्रिपल मर्डर केस में नया मोड़... आरोपी की ‘गर्लफ्रेंड’ ने दावे...

प्रयाग ट्रिपल मर्डर केस में नया मोड़… आरोपी की ‘गर्लफ्रेंड’ ने दावे किए खारिज, बोली- हिमांशु ने किया बदनाम, 5 महीने से कर रहा था परेशान

राजेश सरकार / प्रयागराज

मेजा थाना क्षेत्र के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में नया मोड़ सामने आया है। हत्या के आरोपी हिमांशु यादव जिस युवती को अपनी गर्लफ्रेंड बताकर वारदात की वजह बता रहा था, उसी युवती ने अब सामने आकर उसके दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। युवती ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उसका हिमांशु से कोई संबंध नहीं था और वह पिछले कई महीनों से उसे परेशान कर रहा था।
युवती ने कहा, “मेरा हिमांशु से कोई रिश्ता नहीं था। वह मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। उसकी वजह से मेरी पढ़ाई तक छूट गई। मेरी मां ने डर के कारण मुझे मामा के घर भेज दिया था।”
गौरतलब है कि आरोपी हिमांशु यादव पर आरोप है कि उसने 15 जून की देर रात करीब 2:30 बजे मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में श्यामलाल गुप्ता समेत उनकी दो भाभियों की हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना के अगले दिन मुख्य आरोपी हिमांशु समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी ने पूछताछ में किया था चौंकाने वाला दावा
पुलिस पूछताछ में हिमांशु ने दावा किया था कि उसने अपनी कथित गर्लफ्रेंड के कहने पर वारदात को अंजाम दिया। उसका कहना था कि युवती के परिवार वाले शादी का विरोध कर रहे थे, इसलिए उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर श्यामलाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी के मुताबिक, वह अपने दो साथियों के साथ रात में गांव पहुंचा और श्यामलाल पर हमला किया। इस दौरान शोर सुनकर जागीं उनकी दो भाभियों को भी उसने निशाना बनाया।
युवती ने बताया- सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें फर्जी
अब युवती ने आरोपी के इन दावों को झूठा बताते हुए कहा कि उसका हिमांशु से कभी प्रेम संबंध नहीं रहा। उसने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो को एडिटेड बताया और कहा कि उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। युवती ने मुख्यमंत्री से न्याय की मांग करते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ऐसे हुआ था ट्रिपल मर्डर का खुलासा
कुकुरकटवा गांव निवासी 65 वर्षीय श्यामलाल गुप्ता घर में छोटी किराने की दुकान चलाते थे। उनके साथ उनकी पत्नी और परिवार की अन्य महिलाएं रहती थीं।
16 जून की सुबह गांववालों ने घर के बाहर श्यामलाल और उनकी दो भाभियों, अमरावती (58) व इंद्रावती (55), के शव पड़े देखे। तीनों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और एसओजी मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में हिमांशु यादव समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी हिमांशु और युवती के अलग-अलग बयानों की जांच कर रही है। मामले में सच क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगा।

अन्य समाचार