सोम प्रकाश / मुंबई
निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में अपने दमदार अभिनय के लिए मिल रही जबरदस्त सराहना और प्यार के बीच शर्वरी अब यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ऐल्फा’ की रिलीज़ के लिए तैयार हैं, जो 3 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। महज एक महीने के भीतर शर्वरी दो बिल्कुल अलग सिनेमाई दुनिया का हिस्सा बन रही हैं—एक ओर भावनाओं से भरपूर प्रेम कहानी ‘मैं वापस आऊंगा’, तो दूसरी ओर रोमांच और एक्शन से भरपूर वाईआरएफ की फिल्म ‘ऐल्फा’।
शर्वरी कहती हैं, “सच कहूं तो ‘मैं वापस आऊंगा’ को हर तरफ से मिल रहे प्यार और सराहना ने मुझे भावुक कर दिया है। एक कलाकार के तौर पर आपका सपना होता है कि आप ऐसी कहानियों का हिस्सा बनें, जो लोगों के दिलों तक पहुंचें। दर्शकों ने मेरे अभिनय को जिस तरह अपनाया है, वह मेरे लिए बेहद विनम्र और संतोष देने वाला अनुभव है। मैं अपने करियर के इस बड़े मुकाम के लिए इम्तियाज अली सर की बेहद आभारी हूं और मुझे लगता है कि ‘मैं वापस आऊंगा’ की सफलता का पूरा श्रेय उन्हें ही जाता है। एक कप्तान की तरह उनकी सोच और इस भावनात्मक कहानी के प्रति उनका जुनून देशभर के दर्शकों से जुड़ गया है।”
वह आगे कहती हैं, “मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं हमेशा उनकी आभारी रहूंगी। साथ ही, उन सभी दर्शकों का भी दिल से धन्यवाद, जिन्होंने इस खास फिल्म को इतना प्यार दिया। ऐसे पल मुझे याद दिलाते हैं कि आखिर मैंने फिल्मों और अभिनय से प्यार क्यों किया था। सिनेमा लोगों को जोड़ने और खुशियां बांटने की ताकत रखता है। यह महीना मेरे लिए पहले ही बेहद खास बन चुका है और मैं दिल से चाहती हूं कि यह सिलसिला ‘ऐल्फा’ के साथ भी जारी रहे। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को भी उतना ही प्यार और समर्थन देंगे। अगर ‘मैं वापस आऊंगा’ और ‘ऐल्फा’ एक महीने के भीतर दर्शकों का दिल जीत लें, तो यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा होगा। फिलहाल मैं इस प्यार और आभार के एहसास को पूरी तरह जी रही हूं और आगे आने वाले सफर को लेकर बेहद उत्साहित हूं।”
इतने कम समय के भीतर इस स्तर की दो बड़ी थिएटर रिलीज़ किसी भी युवा कलाकार के लिए बेहद दुर्लभ होती हैं। यदि दोनों फिल्में दर्शकों के दिलों में जगह बनाने में सफल रहती हैं, तो इससे शर्वरी की पहचान इंडस्ट्री की सबसे भरोसेमंद और प्रतिभाशाली नई लीडिंग अभिनेत्रियों में और मजबूत होगी। यह उनके करियर का एक अहम पड़ाव साबित होगा, जो न सिर्फ उन्हें मिल रहे बड़े और विविध प्रोजेक्ट्स को दर्शाएगा, बल्कि यह भी साबित करेगा कि फिल्म निर्माता विभिन्न शैलियों की फिल्मों में उनके अभिनय पर लगातार भरोसा जता रहे हैं।
