मुख्यपृष्ठखबरेंउत्तर की बात: ‘नेशन फर्स्ट' नहीं, ‘डोनेशन फर्स्ट' है भाजपा की नीति

उत्तर की बात: ‘नेशन फर्स्ट’ नहीं, ‘डोनेशन फर्स्ट’ है भाजपा की नीति

रोहित माहेश्वरी / लखनऊ

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रयागराज में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक भाजपा विधायकों और सांसदों की खरीद-फरोख्त करती रहेगी, तब तक पेपर लीक की घटनाएं बंद नहीं होंगी। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लिए ‘नेशन फर्स्ट’ नहीं, बल्कि ‘डोनेशन फर्स्ट’ (चंदा पहले) प्राथमिकता बन चुका है।
उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे में वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरों पर झूठा इल्जाम लगाने वालों की ‘सच्ची चोरी’ का पर्दाफाश खुद भगवान ने कर दिया है। अखिलेश ने दावा किया कि जनता में भारी आक्रोश है और अब कोई भी सच्चा सनातनी भाजपा के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ना चाहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि चंदा चोरी के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हैं, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में इन बाहरी संगी-साथियों का काला-राज नहीं चलेगा और जनता चंदे का पूरा हिसाब मांगेगी।
चंदा चोरी विवाद के बीच अयोध्या जाएगा यूपी कांग्रेस का हाई-लेवल डेलिगेशन
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे और चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। इस मुद्दे पर योगी सरकार को घेरने के बाद, अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने फ्रंट फुट पर आने का फैसला किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल आज अयोध्या का दौरा करेगा। पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह प्रतिनिधिमंडल सुबह ९:०० बजे लखनऊ स्थित नेहरू भवन से रवाना होकर ११:०० बजे अयोध्या पहुंचेगा। डेलिगेशन में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पूनिया, राकेश राठौर और उज्ज्वल रमण सिंह जैसे कई दिग्गज सांसद और विधायक शामिल हैं। अयोध्या पहुंचकर सभी नेता राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और जन-कल्याण की कामना करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का दावा है कि पार्टी के भारी राजनीतिक दबाव के कारण ही सरकार ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अयोध्या प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है।

अन्य समाचार