-रोहित शेट्टी को डेथ थ्रेट
-बिश्नोई गैंग ने मांगे `२० करोड़
सामना संवाददाता / मुंबई
बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर और निर्देशक रोहित शेट्टी एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गए हैं। शनिवार सुबह एक अज्ञात शख्स ने उनके मोबाइल पर कॉल कर २० करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। सूचना मिलते ही मुंबई क्राइम ब्रांच हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की लोकेशन और कॉलर की पहचान का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं इस धमकी के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से तो नहीं जुड़े हैं, जिसका नाम हाल के महीनों में कई हाई-प्रोफाइल रंगदारी और धमकी के मामलों में सामने आया है। क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह संवेदनशील मामला है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि १ फरवरी २०२६ को रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर पांच राउंड फायिंरग हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी। इस मामले में शूटर दीपक शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया था। अप्रैल में मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस हमले में १,६२४ पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें १५ आरोपियों को नामजद किया गया था। अब ताजा धमकी ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा और संगठित अपराध के बढ़ते नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले फायिंरग, अब रु.२० करोड़ की रंगदारी
रोहित शेट्टी पर खतरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। फरवरी २०२६ में उनके जुहू स्थित घर के बाहर फायिंरग हुई थी। अब २० करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा कॉल सामने आने से पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के पीछे कहीं एक ही आपराधिक नेटवर्क तो नहीं है।
