मुख्यपृष्ठनए समाचारराज्य में गद्दार गैंग का विरोध शुरू ... शिवसैनिकों ने श्रीकांत शिंदे...

राज्य में गद्दार गैंग का विरोध शुरू … शिवसैनिकों ने श्रीकांत शिंदे को दिखाए काले झंडे

सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल के बीच शिवसेना अब गद्दार गैंग को जवाब देने की तैयारी में है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के खिलाफ शिवसैनिकों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शिवसेना के छह सांसदों के गद्दार गुट में शामिल होने के बाद शिवसैनिकों का आक्रोश अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है।
इसी क्रम में मंगलवार को नांदेड़ जिले में शिंदे गुट के नेता एवं सांसद श्रीकांत शिंदे के काफिले का शिवसैनिकों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। यह घटना उस समय हुई, जब श्रीकांत शिंदे हिंगोली लोकसभा क्षेत्र के सारखनी गांव की ओर जा रहे थे। उनके साथ हाल ही में शिंदे गुट में शामिल हुए सांसद नागेश पाटील आष्टीकर भी मौजूद थे।

गद्दारों से मांगा जवाब
काफिला जैसे ही सारखनी गांव से गुजरा, वहां पहले से मौजूद शिवसैनिकों ने काले झंडे लहराते हुए जोरदार नारेबाजी की और गद्दारों से जवाब मांगा। प्रदर्शनकारियों के हाथों में भगवा झंडे, काले झंडे और विरोध संबंधी तख्तियां थीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

शिवसैनिक जगह-जगह
रोककर पूछ रहे सवाल

इससे पहले श्रीकांत शिंदे ने यवतमाल जिले के उमरखेड़ में आयोजित संवाद सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस सम्मेलन में सांसद नागेश पाटील आष्टीकर, विधायक बाबूराव कदम कोहलीकर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बता दें कि छह सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने के बाद शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने संबंधित लोकसभा क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और राजनीतिक रूप से जवाब देने का आह्वान किया है। इसके बाद से कई स्थानों पर शिंदे गुट के नेताओं को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अब शिवसैनिक गद्दार गुट के नेताओं को जगह-जगह रोककर सवाल पूछ रहे हैं कि उन्होंने गद्दारी क्यों की।

अन्य समाचार