-भानीपुर गांव में आदित्य (12) की मौत पर पसरा मातम
-पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा…हिरासत में आरोपी किशोर
सामना संवाददाता / भदोही
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में क्रिकेट का खेल मौत का खेल बन गया। गुरुवार की देर शाम गांव के कुछ बच्चे खेल के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे इसी दौरान ‘नो बॉल’ को लेकर बच्चों में विवाद हो गया और एक किशोर ने दूसरे पर बैट से हमला कर दिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए जहाँ डाक्टरों में मृत घोषित कर दिया।
दुर्गागंज थाने के भानीपुर गांव में अंबेडकर पार्क में कुछ बच्चे बैट-बॉल खेल रहे थे। खेल के दौरान ‘नो बॉल’ को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान गांव के 15 वर्षीय किशोर चंद्रकांत ने गुस्से में बल्ले से आदित्य के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उसे घर ले आए और प्राथमिक उपचार और दवा दिलाई, लेकिन रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गईं। बताया जा रहा है जिस परिवार में बच्चों की मौत हुई है वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और घर का इकलौता चिराग था।
भदोही क्षेत्राधिकारी ने बताया है कि इस मामले में घटना की सूचना मिलती ही दुर्गागंज पुलिस मौके पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी किशोर को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
