मुख्यपृष्ठनए समाचारयोगीराज में भाजपा का महिला सशक्तीकरण!.. पुलिस चौकी में खुद दारोगा बन...

योगीराज में भाजपा का महिला सशक्तीकरण!.. पुलिस चौकी में खुद दारोगा बन गईं भाजपा नेत्री

-फरियादी से मोबाइल छीन चौकी इंचार्ज के सामने जड़ा चांटा

-सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस की फजीहत

-भाजपा नेत्री पर एफआईआर, चौकी इंचार्ज के खिलाफ जांच शुरू

विक्रम सिंह / सुल्तानपुर

यूपी के योगीराज में नारी सशक्तीकरण का ऐसा साइड इफेक्ट है कि सुल्तानपुर की एक भाजपा नेत्री पुलिस चौकी में खुद ही दरोगा बन गईं। उन्होंने अपने खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे एक दलित युवक को चौकी इंचार्ज के चैंबर में उन्हीं के सामने दे दनादन चांटा जड़ दिया। इतना ही नहीं युवक के हाथों से मोबाइल छीन कर उसे औकात में लाने की धमकी भी दे डाली। सारा वाकये का वीडियो कुछ ही घंटों के भीतर सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया। जिससे यूपी पुलिस की हो रही फजीहत को संज्ञान में लेते हुए तत्काल प्रभाव से पीड़ित युवक की तहरीर लेकर नगर पुलिस ने आरोपी भाजपा नेत्री भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन को नामजद करते हुए केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस चौकी शाहगंज के प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश चंद्र के विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ कर दी है।
घटनाक्रम के अनुसार, आठ जुलाई की देर रात से सोशल मीडिया पर शाहगंज पुलिस चौकी के इंचार्ज दफ्तर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन एक युवक को पुलिस चौकी में दरोगा के सामने रौब दिखाकर थप्पड़ जड़ते नजर आ रही हैं। थप्पड़ मारने के बाद पूजा कसौधन धमकी देते हुए कहती हैं, तुम्हारा दिमाग सही कर देंगे। देखना, अब तुम कहां जाओगे, औकात भूल जाओगे आज से तुम अपनी। जबकि चौकी इंचार्ज अविनाश चंद्र अपनी कुर्सी पर मौजूद रहते हुए फोन पर किसी से बात करने में व्यस्त रहते हैं। ये प्रकरण शहर के आदर्श नगर, घोसियाना निवासी अरुण कुमार कोरी से जुड़ा हुआ है। इनका आरोप है कि आठ जुलाई को शाहगंज चौराहे के पास पुरानी रंजिश को लेकर पूजा कसौधन और उनके बेटे ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की। जान बचाने के लिए वे सीधे शाहगंज पुलिस चौकी पहुंच गए। उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी लेकिन इसी दौरान पूजा कसौधन वहां आ धमकीं। चौकी परिसर के अंदर भी मेरे साथ मारपीट की गई और धमकियां दी गईं। नवागत सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर वायरल वीडियो और घटना के समय चौकी प्रभारी की भूमिका की विभागीय जांच कराई जा रही है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि पूरी घटना से प्रदेश संगठन को अवगत करा दिया गया है।

अन्य समाचार