-२८ स्थल चिह्नित, लगेंगे १३५०० फल-फूल व औषधीय पौधे
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
मुख्यमंत्री के आनलाइन जूम/वेबीनार के माध्यम से वृहद पौधरोपण अभियान की अपील पर सुल्तानपुर की पालिका सक्रिय हो गई है। गुरुवार को नगरपालिका परिषद के सभाकक्ष में नगर क्षेत्र में वृहद पौधरोपण अभियान चलाये जाने के लिये पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में सभासदगण, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारीगण के साथ बैठक की गयी। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि शहर में मार्गों, डिवाइडरों व पटरियों तथा वार्डों में सभासदों व सफाई नायकों के माध्यम से २८ रिक्त स्थल चिन्हित किये गये हैं, जिन पर १२ जुलाई से प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी जी ‘‘एक पेड़ मॉं के नाम’’ वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ करते हुए लगभग १३५०० की संख्या में फल, फूल व औषधीय किस्म के पौधे लगाये जाएंगे, जिसके लिए आवश्यकतानुसार पौधे, ट्री-गार्ड आदि की व्यवस्था कर ली गयी है। नगर पालिका द्वारा सामाजिक संस्थाओं एवं जनसहयोग की सहभागिता के साथ वृक्षारोपण का कार्य कराया जाएगा, वर्ष २०२३ से नगर पालिका द्वारा लगभग १६५०० पेड़ लगाये गये हैं, जिनकी देखभाल के लिये १२ अतिरिक्त कर्मचारी लगाये गये हैं, जो कि वृक्षारोपण अभियान के दृष्टिगत कर्मचारी बढ़ाये जायेंगे। पालिकाध्यक्ष ने आम जनमानस से अपील की कि एक पेड़ मॉ के नाम अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और अपनी माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए एक प्रेरणादायक पहल है। इस अभियान के तहत आप अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाते हैं और उसकी देखभाल करते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरित भविष्य सुनिश्चित करता है। सभी इसे अपना नैतिक कर्तव्य मानते हुए कम से कम एक पेड़ लगायें व उसकी अच्छी तरह से अपने परिवार के सदस्य मानते हुए देख-रेख करें। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सभासद रमेश सिंह टिन्नू, रणजीत सिंह सन्त, अखिलेश मिश्र, मो. जाहिद, संजय कप्तान, गिरीश कुमार मिश्र, अफजल अंसारी, प्रवीण मिश्र, अरविन्द यादव, रेनू सिंह, दिनेश चौरसिया, अरूण तिवारी, रवि अग्रहरि, प्रदीप जायसवाल आदि व पालिका के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
