राजेश सरकार / प्रयागराज
जिला अधिवक्ता संघ, इलाहाबाद के आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बृहस्पतिवार 9 जुलाई को संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मतपत्रों (बैलेट पेपर) पर मैनुअल हस्ताक्षर करने के नियम को लेकर बड़ा विवाद सामने आया। इसके बाद चुनाव अधिकारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और चुनाव की नई तारीखों का ऐलान किया गया।
मतपत्रों पर मैनुअल हस्ताक्षर को लेकर हुआ निर्णय
बैठक में चुनाव अधिकारी वेणी माधव पाण्डेय, सहायक चुनाव अधिकारी कमलेश यादव, एल्डर कमेटी के सदस्यगण और विभिन्न पदों (अध्यक्ष, मंत्री, संयुक्त मंत्री, कोषाध्यक्ष) के प्रत्याशी मौजूद थे। बैठक के दौरान केवल एक प्रत्याशी को छोड़कर बाकी सभी प्रत्याशियों ने मतपत्रों पर मैनुअल हस्ताक्षर करने पर जोर दिया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मतपत्रों पर उम्मीदवारों के मैनुअल हस्ताक्षर कराए जाएंगे।
चुनाव अधिकारी का इस्तीफा और नई जिम्मेदारी
मैन्युअल हस्ताक्षर के इस फैसले से असहमत होकर मुख्य चुनाव अधिकारी वेणी माधव पाण्डेय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। संघ के चुनाव को बिना किसी देरी के संपन्न कराने के लिए एल्डर कमेटी के सदस्यों, अध्यक्ष, मंत्री और सहायक चुनाव अधिकारी की उपस्थिति में एक नया प्रस्ताव पारित किया गया। इस प्रस्ताव के तहत केशरी चन्द्र द्विवेदी और गौरी शंकर चतुर्वेदी को चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिस पर उन्होंने अपनी सहमति दे दी।
30 जुलाई को होगा मतदान
इस्तीफे के बाद शाम 4:00 बजे नए चुनाव अधिकारियों ( केशरी चन्द्र द्विवेदी, कमलेश यादव, गौरी शंकर चतुर्वेदी) और एल्डर कमेटी के सदस्यों की दोबारा बैठक हुई। इस बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मतपत्रों पर उम्मीदवारों के मैनुअल हस्ताक्षर कराए जाने के निर्णय को बरकरार रखा गया।
मतदान की तिथि
जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव अब 30 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। चुनाव से पहले होने वाला पारंपरिक दक्षता भाषण 27 जुलाई को तय किया गया है। यह पूरी जानकारी जिला अधिवक्ता संघ इलाहाबाद के आधिकारिक पत्र के माध्यम से सामने आई है, जिस पर संघ के अध्यक्ष के.बी. तिवारी, मंत्री वरुण कुमार सिंह और नवनियुक्त चुनाव अधिकारियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
