अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत टिकारी प्रखंड अंतर्गत केसपा ग्राम स्थित मां तारा देवी मंदिर प्रांगण में स्थित पंचायत भवन में संवेदना साइकाइट्रिक क्लीनिक सह डी एडिक्शन सेंटर, गया एवं ब्राइट स्माइल डेंटल केयर, गया के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मनोचिकित्सक डॉ. दीपशिखा काव्या एवं दंत चिकित्सक डॉ. श्वेता सिन्हा ने सैकड़ों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। संयुक्त परिवार के विघटन के उपरांत समाज में मानसिक तनाव और अवसाद की समस्या बढ़ गई है। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत चिकित्सकों द्वारा मां तारा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ हुई। सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने अतिथियों को मां तारा देवी का तैलचित्र भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. दीपशिखा काव्या ने कहा कि मानसिक रोग भी अन्य बीमारियों की तरह सामान्य स्वास्थ्य समस्या है। इसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और खुलकर चर्चा करने की आवश्यकता है, ताकि लोग बिना संकोच समय पर उपचार करा सकें। इस चिकित्सा शिविर के दौरान सभी मरीजों का रक्तचाप (बीपी) एवं रक्त शर्करा (शुगर) की भी जांच की गई। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर, मुखिया प्रतिनिधि अमिताभ कुमार, पैक्स अध्यक्ष सुबोध शर्मा, गौरव राज उर्फ विक्की,नीतीश कुमार, शशि कुमार, रवि कुमार, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
