– ९ अगस्त को मुंबई में बड़ा आंदोलन
-नीट-टीईटी से लेकर एमपीएससी तक के मुद्दों पर होगा घेराव
सामना संवाददाता / मुंबई
नीट पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में हुए छात्र आंदोलन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी छात्रों का आक्रोश थमता नजर नहीं आ रहा है। अब महाराष्ट्र में एक बार फिर छात्रों के बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू हो गई है। विभिन्न छात्र संगठनों ने आगामी ९ अगस्त यानी क्रांति दिवस के दिन मुंबई में विशाल रैली निकालने का एलान किया है। इस आंदोलन के जरिए केंद्र की भाजपा सरकार और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी।
छात्र संगठनों के मुताबिक, नीट परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, महाराष्ट्र में सामने आए टीईटी पेपर लीक मामले, एमपीएससी अभ्यर्थियों की समस्याएं, मराठी माध्यम के स्कूलों की स्थिति और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े कई अन्य मुद्दों को लेकर यह आंदोलन किया जाएगा। संगठनों ने देशभर के छात्रों से मुंबई में एकजुट होने और इस आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया है। छात्र संगठनों का कहना है कि नीट पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हुआ आंदोलन भले ही फिलहाल समाप्त हो गया हो, लेकिन छात्रों की लड़ाई खत्म नहीं हुई है। उनका आरोप है कि पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। छात्र संगठनों का कहना है कि सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा खामियाजा मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। लाखों छात्र वर्षों तक परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक और भ्रष्टाचार के कारण उनकी मेहनत बर्बाद हो जाती है।
