मुख्यपृष्ठनए समाचारशहर की कहानी, मुंबईकरों की जुबानी... पश्चिम मुंबई में जानलेवा गड्ढों का...

शहर की कहानी, मुंबईकरों की जुबानी… पश्चिम मुंबई में जानलेवा गड्ढों का डेथ ट्रैप!

-कालीना के कोलिवेरी गांव की सड़क बनी ‘मौत का कुआं’
-शिकायतों के बावजूद मनपा प्रशासन बेखबर

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई की चमचमाती सड़कों के दावों के बीच पश्चिम मुंबई के सांताक्रुज (पूर्व) का कालीना रोड नंबर-१ स्थित कोलिवेरी गांव प्रशासनिक लापरवाही की ऐसी तस्वीर पेश कर रहा है, जहां हर दिन लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। यहां सड़क पर बने विशाल गड्ढों, उखड़ी गिट्टियों और बदहाल रास्तों ने पूरे इलाके को मानो ‘डेथ ट्रैप’ में बदल दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (मनपा) और संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं।
सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि इसी रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और सैकड़ों दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं। बारिश के दौरान गड्ढे पानी में छिप जाते हैं, जबकि रात के अंधेरे में उनका अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। नतीजा यह है कि आए दिन वाहन असंतुलित होकर गिर रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन की चुप्पी पर फूटा लोगों का गुस्सा
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सड़क की बदहाली से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऑटोचालक सूरज जाधव का कहना है कि करोड़ों रुपए टैक्स देने के बावजूद जनता को बदले में सुरक्षित सड़कें भी नसीब नहीं हो रहीं। कॉलेज छात्रा संगीता कांबले ने आरोप लगाया कि ठेकेदारों और प्रशासन की उदासीनता का खामियाजा आम नागरिक भुगत रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई और कोई बड़ा हादसा हुआ, तो स्थानीय नागरिक व्यापक आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। कालीना के कोलिवेरी गांव की जर्जर सड़क पर हर दिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया चालक जान जोखिम में डालकर गुजर रहे हैं।

अन्य समाचार