मुख्यपृष्ठनए समाचाररोमांच पड़ा भारी...वॉटरफॉल बना काल!

रोमांच पड़ा भारी…वॉटरफॉल बना काल!

-कालू नदी के उफनते बहाव में बह गए पुणे के दो पर्यटक
-भारी बारिश के बीच एडवाइजरी की अनदेखी पड़ी महंगी

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मालशेज घाट में रविवार को लापरवाही और प्रकृति के प्रकोप ने दो युवाओं की जान ले ली। कालू वॉटरफॉल के पास कालू नदी के तेज बहाव में बहने से पुणे के दो पर्यटकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से एक अन्य युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। इस हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में जारी प्रशासनिक चेतावनियों की अनदेखी के गंभीर परिणाम सामने ला दिए हैं। मृतकों की पहचान २० वर्षीय रमन विजय अन्नापुरे और १८ वर्षीय शाम साठे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों अलग-अलग दोस्तों के समूह के साथ घूमने आए थे और एक-दूसरे को जानते भी नहीं थे। लगातार हो रही बारिश के कारण कालू नदी का जलस्तर और बहाव बेहद तेज था। इसी दौरान शाम साठे नदी की लहरों में बह गए। उन्हें बचाने की कोशिश में रमन अन्नापुरे भी तेज धारा की चपेट में आ गए और दोनों की मौत हो गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पर्यटक ट्रेकिंग और टूरिज्म ग्रुप के साथ पहुंचे थे। जबकि प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए मालशेज घाट, हरिश्चंद्रगढ़ क्षेत्र और कालू वॉटरफॉल में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा रखी थी। इसके बावजूद चेतावनी को नजरअंदाज कर समूह वहां पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला। इस हादसे के बाद प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें। कुछ पल का रोमांच जिंदगी पर भारी पड़ सकता है।

अन्य समाचार