सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
अवध क्षेत्र के सुल्तानपुर जिले में भूमि और मकान कब्जाने को लेकर बवाल और संघर्ष की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। जिसे लेकर पुलिस प्रशासन की शुरुआती ढिलाई विवाद का सबब बन रही हैं। ताजा मामला है सुल्तानपुर शहर के शास्त्रीनगर चौकी क्षेत्रांतर्गत खैराबाद के जमालगेट मुहल्ले का। जहां नगर पालिका के पूर्व चैयरमैन सैय्यद रहमान मानू व उनके पुत्र मो. अफ्फान सहित आधा दर्जन लोगों पर अपने पड़ोसी निसार अहमद व इकबाल अहमद को दिनदहाड़े सरेआम कातिलाना हमला करके मरणासन्न कर देने का गंभीर आरोप है। वारदात की लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल रही। जिस पर नगर पुलिस ने नामजद केस दर्ज कर करीब माह भर बाद शुक्रवार को एक आरोपी अफ्फान पुत्र सैय्यद रहमान मानू को अरेस्ट कर लिया और शनिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत सिंह की अदालत में पेश किया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सीजेएम नवनीत सिंह ने आरोपी सैय्यद मो. अफ्फान को ३१ जुलाई तक न्यायिक हिरासत में अमहट जिला कारागार भेजने का आदेश दिया। बता दें कि गत ३० मई को कोतवाली नगर क्षेत्र के जमाल गेट, खैराबाद निवासी इकबाल अहमद ने जमीन विवाद को लेकर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष सैय्यद मो. रहमान उर्फ मानू, उनके पुत्र सैय्यद मो. अफ्फान समेत पांच नामजद और छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। इकबाल व उनके भाई निसार सिर व रीढ़ में गंभीर चोट लगने से अभी भी लखनऊ के मेडिकल।कालेज में भर्ती हैं।
