– सभी पर्चे वैध, २० तक नाम वापसी, २९ को मतदान
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
अवध के सुल्तानपुर जिले में बार एसोसिएशन का चुनाव अब रोमांचक दौर की ओर बढ़ता दिख रहा है। अध्यक्ष व सचिव पद पर बहुकोणीय संघर्ष की उम्मीद नजर आने लगी है। हालांकि पूर्णकालिक वकालत व्यवसाय करने वाले सभी पदों के प्रत्याशियों को तरजीह देने का मुद्दा वोटरों के मध्य चर्चा में है। शनिवार को बार चुनाव की जांच समिति ने सभी नामांकन पत्रों की जांच पूरी कर ली गई। १० पदों के लिये सभी ६८ प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। इनमें अध्यक्ष पद के लिये १६, महासचिव पद के लिये १२, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिये ८, कोषाध्यक्ष पद के लिये ३, सह सचिव (प्रशासन) पर ४, सचिव (खुर्शीद क्लब) पर २, सह सचिव (पुस्तकालय) पर २, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर ७ तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर ९ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
अब २० जुलाई तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद चुनाव समिति अंतिम प्रत्याशी सूची जारी करेगी। २९ जुलाई को मतदान होगा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं महासचिव दिनेश कुमार दूबे ने अधिवक्ताओं से लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव में सहयोग की अपील की है।
