मुख्यपृष्ठनए समाचारगया जिले के टिकारी प्रखंड  अंतर्गत भैरवा गांव में गहराया पेयजल संकट...नल-जल...

गया जिले के टिकारी प्रखंड  अंतर्गत भैरवा गांव में गहराया पेयजल संकट…नल-जल योजना बदहाल

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत टिकारी प्रखंड की मखदुमपुर पंचायत अंतर्गत मोरहर नदी किनारे स्थित भैरवा गांव इन दिनों भीषण पेयजल संकट से जूझ रहा है। सरकार की बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल-जल योजना गांव में लगभग ठप हो चुकी है। यहां के ग्रामीणों के अनुसार, पानी संग्रहित करने वाली टंकी निर्माण के समय से ही क्षतिग्रस्त थी, जिसकी स्थिति अब और गंभीर हो गई है। इसके कारण अधिकांश घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और जिन घरों में आपूर्ति हो भी रही है, वहां केवल बूंद-बूंद पानी टपक रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूरे गांव की पेयजल व्यवस्था फिलहाल मात्र दो चापाकलों पर निर्भर है, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती है।हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर, कांग्रेस नेता नागेंद्र सिंह तथा यूट्यूब चैनल ‘ओपिनियन गली’ की टीम ने गांव का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से पेयजल संकट दूर करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने मुख्यमंत्री एवं जिला पदाधिकारी, गया से भैरवा गांव के पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए नल-जल योजना की तत्काल मरम्मत, क्षतिग्रस्त जल टंकी के पुनर्निर्माण , एक और बोरिंग एवं कुछ नए चापाकल लगाने तथा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और इस दिशा में प्रशासन को शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

अन्य समाचार