मुख्यपृष्ठनए समाचारमसाज की आड़ में देह व्यापार!

मसाज की आड़ में देह व्यापार!

– मीरा रोड में ११ कमरों वाले वेलमोरा स्पा पर छापा
-६ महिलाएं रेस्क्यू, मैनेजर सहित दो गिरफ्तार

सुरेश गोलानी / मुंबई

मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के महिला अत्याचार निवारण तथा विशेष बाल संरक्षण व देखभाल कक्ष ने मीरा रोड स्थित एक पॉश स्पा में छापेमारी कर मसाज की आड़ में चल रहे देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में ६ महिलाओं को वेश्यावृत्ति के दलदल से मुक्त कराने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस के अनुसार, उनको जानकारी मिली थी की मीरा-भायंदर रोड पर ओल्ड पेट्रोल पंप के सामने न्यू पंचवटी इमारत की पहली मंजिल में स्थित वेलमोरा स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में सेक्स रैकेट चल रहा है। सहायक पुलिस आयुक्त गोडुराम बांगर के आदेश पर पुलिस निरीक्षक ऋषिकेश पवल और सहायक पुलिस निरीक्षक कैलास टोकले के नेतृत्व में महिला अत्याचार निवारण तथा विशेष बाल संरक्षण व देखभाल कक्ष ने फर्जी ग्राहक के माध्यम से जानकारी की पुष्टि की और स्पा पर छापा मारा। इस कार्यवाही में ३६ वर्षीय सुमित ओमसिंग टाक नामक स्पा संचालक और हेल्पर-किसनकुमार लालमणि बिंदु उर्फ मुंशीराम को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं अनैतिक व्यापार रोकथाम अधिनियम,१९५६ की संबंधित धाराओं के तहत भायंदर-पूर्व के नवघर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया। जिस प्रॉपर्टी में स्पा की आ़ड़ में देह व्यापार का यह गोरखधंधा चल रहा था उसके मालिकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस ने स्पा को सील कर दिया गया है और देह व्यापारियों के चंगुल से आजाद कराई गई महिलाओं को उनकी हिफाजत के लिए सुधार गृह में भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि वेलमोरा स्पा में कुल ११ छोटे कमरों (केबिन) का निर्माण किया गया था। ज्ञात हो कि शहर में सैकड़ों ऐसे यूनिसेक्स सलून और स्पा हैं जो हर्बल और थाई मसाज के नाम पर खुलेआम देह व्यापार कर रहे हैं। दो दिन पहले ही पुलिस ने हाटकेश इलाके में ऐसे ही एक यूनिसेक्स सलून पर छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया था।
सोशल मीडिया से ग्राहक, शहर में फैला नेटवर्क!
जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देकर ग्राहकों को बुलाया जाता था। पुलिस को आशंका है कि शहर में कई यूनिसेक्स सलून और स्पा इसी तरह देह व्यापार का अड्डा बने हुए हैं। हाल के दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

अन्य समाचार