लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दो अजब-गजब मामले लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। आगरा में एक परिवार ने अपने लापता पालतू तोते को खोजने वाले को ५० हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है, वहीं फिरोजाबाद में हाथ से छूटकर जमीन पर गिरी कुल्फी की शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंचा दी गई।
आगरा की आवास विकास कॉलोनी स्थित कान्हा जी रेजीडेंसी में रहने वाले अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह का पालतू तोता ‘माऊ’ १३ जुलाई से लापता है। तोते की तलाश में परिवार ने इलाके में बड़े-बड़े होर्डिंग और पोस्टर लगवाए हैं। इन पर लिखा गया है, `पक्षी लापता, तलाशने वाले को ५० हजार रुपए का इनाम।’
सुनील कुमार के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले पेड़ टूटने के बाद उन्हें तोते का एक छोटा बच्चा मिला था। परिवार ने उसे पाल-पोसकर बड़ा किया और उसका नाम माऊ रखा। धीरे-धीरे वह घर का सदस्य बन गया। १३ जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे माऊ उनके कंधे पर बैठा था। कॉलोनी में निर्माण कार्य के दौरान अचानक तेज आवाज हुई, जिससे घबराकर वह उड़ गया और फिर वापस नहीं लौटा। तोते के लापता होने से परिवार, खासकर बच्चे बेहद उदास हैं।
सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा
फिरोजाबाद में एक युवक के हाथ से कुल्फी छूटकर जमीन पर गिर गई तो मामला सीधे मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल तक पहुंच गया। युवक ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। अब तोते के होर्डिंग और कुल्फी की शिकायत, दोनों घटनाएं सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।
