मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा सरकार कायर है!..जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर आदित्य ठाकरे...

भाजपा सरकार कायर है!..जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर आदित्य ठाकरे का केंद्र पर हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने कड़ी निंदा करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि परीक्षा पेपर लीक मामले में न्याय की मांग कर रहे छात्रों और उनके समर्थन में खड़े नागरिकों पर बल प्रयोग करना एक कायर सरकार की निशानी है।
छात्रों के साथ मोदी सरकार ने दिखाई क्रूरता
आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपना विरोध व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ न्याय की मांग कर रहे छात्रों और उनके समर्थन में खड़े लोगों पर सरकार क्रूरता से बल प्रयोग कर रही है। जंतर-मंतर इलाके में इंटरनेट सेवाएं तक बंद कर दी गई हैं। क्या दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में, जो संविधान, कानून के शासन और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनावों की बात करता है, ऐसी सरकार हो सकती है, जो शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर इतनी बर्बर कार्रवाई का आदेश दे? अब दुनिया हमारे देश की व्यवस्था के बारे में क्या सोच रही होगी?
उन्होंने आगे कहा कि जब कोई क्रूर शासन बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग करने वाले देश के युवाओं पर बंदूकें तानता है, तब समझ लेना चाहिए कि वह शासन देशविरोधी है। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया शांतिपूर्ण मार्च पर पुलिस कार्रवाई की तस्वीरें देखेगी, तो उसे लगेगा कि भारत अब लोकतांत्रिक देश नहीं रहा, बल्कि एक दमनकारी शासक के नियंत्रण में चला गया है। जब सरकार शिक्षा व्यवस्था की विफलता स्वीकार करने के बजाय अपने मंत्री को छात्रों से संवाद करने के लिए भी तैयार नहीं होती, तब वह लोकतंत्र नहीं, बल्कि तानाशाही का रास्ता चुनती है।
आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विडंबना यह है कि एक दशक पहले जब भाजपा ने अन्ना हजारे के साथ आंदोलन किया था, तब कांग्रेस सरकार ने कम से कम बातचीत के लिए वरिष्ठ मंत्रियों को भेजा था। वह इतनी क्रूर और प्रतिशोध की भावना से काम करने वाली नहीं थी। क्या आज की सरकार में किसी को शिक्षा की चिंता नहीं है? क्या इस सड़ी-गली व्यवस्था से उनके अपने लोग प्रभावित नहीं हैं?

अन्य समाचार