-एडीएम सिटी ने दिलाए नए कपड़े, फिर सुनी शिकायत
राजेश सरकार / प्रयागराज
उत्तर प्रदेश में दबंगई और जबरदस्ती का बोलबाला कायम होता जा रहा है। इसका शिकार एक असहाय परिवार मंगलवार को कलेक्ट्रेट के संगम सभागार में चल रही जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंचा। फरियादी अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ गीले तथा मिट्टी से सने कपड़ों में वहां पहुंचा। उनकी स्थिति देखकर एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा ने पहले उन्हें नए कपड़े उपलब्ध कराए, फिर उनकी शिकायत सुनी।
फरियादी ने खेत में धान की रोपाई के दौरान हुए विवाद में मारपीट और थाने में सुनवाई न होने की शिकायत की। एडीएम सिटी ने सोरांव थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने के साथ ही पीड़ित के घर लौटने की भी व्यवस्था कराई।
-सोरांव पुलिस ने नहीं सुनी तो कलेक्ट्रेट पहुंचा परिवार
मामला सोरांव थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव का है। यहां रहने वाले देवीलाल के मुताबिक, मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी और बेटियों राधा तथा अंशिका के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने खेत की कुछ मिट्टी निकालकर मेड़ पर रख दी, जिसे लेकर उनके भाई रामदीन से विवाद हो गया।
देवीलाल का आरोप है कि कुछ देर बाद रामदीन की पत्नी, निकाहू की पत्नी और उनके दो बेटे मौके पर पहुंचे तथा सभी ने मिलकर उनके परिवार के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद देवीलाल अपने परिवार के साथ सोरांव थाने पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि वहां उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद वे सुबह करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे। उस समय जिलाधिकारी हाईकोर्ट गए हुए थे, इसलिए एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा जनसुनवाई कर रहे थे। देवीलाल और उनके परिवार के कपड़ों पर खेत की मिट्टी लगी हुई थी और वे भीग भी गए थे। यह देखकर एडीएम सिटी ने पहले उन्हें नए कपड़े उपलब्ध कराए। कपड़े बदलने के बाद उनकी शिकायत सुनी गई।
थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश
एडीएम सिटी ने सोरांव थाना प्रभारी से फोन पर बात कर पीड़ित की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने तथा मारपीट के आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने देवीलाल को घर लौटने के लिए किराए की व्यवस्था भी कराई।
एडीएम सिटी ने बताया कि यह भाई-भाई के बीच का आपसी विवाद है। पीड़ित की स्थिति को देखते हुए पहले उन्हें कपड़े उपलब्ध कराए गए। इसके बाद उनकी शिकायत सुनकर संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
