मुख्यपृष्ठसमाचारदादर रेलवे स्टेशन पर GRP की अनोखी पहल

दादर रेलवे स्टेशन पर GRP की अनोखी पहल

-यमराज के रूप में पुलिस ने चलाया ‘जीवन रक्षा अभियान’

-सैकड़ों यात्रियों को रेलवे नियमों और सुरक्षित यात्रा के प्रति किया जागरूक

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर रेलवे हादसों और लापरवाही के कारण होने वाली मौतों को रोकने के उद्देश्य से दादर लौहमार्ग पुलिस स्टेशन की ओर से एक अनोखा जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस विशेष जीवन रक्षा अभियान के दौरान पुलिस ने यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने और अपनी जान जोखिम में न डालने की अपील की। यह जागरूकता अभियान बुधवार को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक दादर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 10 और 11 सहित ओवरब्रिज पर आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने प्लेटफॉर्म और ओवरब्रिज पर रैली निकालकर यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा का संदेश दिया।
यमराज के रूप में कलाकार ने खींचा यात्रियों का ध्यान
अभियान को प्रभावी और आकर्षक बनाने के लिए एक कलाकार ने ‘यमराज’ का रूप धारण किया। यमराज के वेश में कलाकार ने यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने, जल्दबाजी करने और लापरवाही से यात्रा करने के खतरों के प्रति जागरूक किया। इस अनोखे तरीके ने यात्रियों का खासा ध्यान आकर्षित किया। पुलिसकर्मियों ने हाथों में संदेशात्मक बैनर और पोस्टर लेकर यात्रियों को जागरूक किया। इसके अलावा पर्चे बांटे गए और मेगाफोन के जरिए घोषणाएं कर रेलवे नियमों का पालन करने की अपील की गई।
50 से अधिक पुलिसकर्मी और जवान रहे मौजूद
इस अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने किया। अभियान में 2 पुलिस अधिकारी, 26 पुलिसकर्मी, 20 होमगार्ड, रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक नरसिंग मीणा, 2 आरपीएफ जवान और 2 एमएसएफ जवान शामिल हुए। अभियान के दौरान करीब 300 से 400 रेलवे यात्रियों को जागरूक किया गया। यात्रियों ने पुलिस की इस रचनात्मक पहल की सराहना की। पुलिस के मुताबिक, इस तरह के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य यात्रियों में रेलवे नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं को रोकना है।
यात्रियों को दिया गया जीवन रक्षा का संदेश
अभियान के दौरान यात्रियों से अपील की गई कि वे रेलवे ट्रैक पार न करें और जल्दबाजी में अपनी जान जोखिम में न डालें। पुलिस ने कहा कि रेलवे ट्रैक पार करना न केवल बेहद खतरनाक है, बल्कि कानूनन अपराध भी है।
यात्रियों को संदेश दिया गया कि—
* रेलवे ट्रैक कभी भी पार न करें।
* समय बचाने के लिए अपनी जिंदगी खतरे में न डालें।
* रेलवे स्टेशन पर हमेशा एफओबी, एस्केलेटर या निर्धारित सुरक्षित रास्ते का इस्तेमाल करें।
* चलती लोकल ट्रेन के सामने से निकलने की कोशिश न करें।
* रेलवे स्टेशन पर ईयरफोन लगाकर चलते समय विशेष सावधानी बरतें।
* शॉर्टकट के बजाय हमेशा सुरक्षित रास्ते का इस्तेमाल करें।
* जल्दबाजी से बचें, क्योंकि एक छोटी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
दादर जीआरपी ने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस ने कहा कि आपका परिवार घर पर आपका इंतजार कर रहा है, इसलिए कुछ मिनट बचाने के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में न डालें।

अन्य समाचार