मुख्यपृष्ठसमाचारसरकारी गाड़ी के दुरुपयोग समेत कई आरोपों में डॉ. अनिल कुमार निलंबित

सरकारी गाड़ी के दुरुपयोग समेत कई आरोपों में डॉ. अनिल कुमार निलंबित

-ऑपरेशन थिएटर में निजी कार्यालय बनाने, अवैध वसूली और नियम विरुद्ध तबादलों के भी आरोप

राजेश सरकार / प्रयागराज

उत्तर प्रदेश शासन के पशुधन अनुभाग-1 ने प्रयागराज मंडल के पशुपालन विभाग में तैनात अपर निदेशक ग्रेड-2 डॉ. अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उन पर भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता तथा वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के कई गंभीर आरोप हैं। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें मंडलायुक्त कार्यालय, गोरखपुर मंडल से संबद्ध किया गया है।
शासन के अनुसार, डॉ. अनिल कुमार ने प्रयागराज के सदर पशु चिकित्सालय में मूक पशुओं की सर्जरी और उपचार के लिए बने ऑपरेशन थिएटर में निजी कार्यालय संचालित कर रखा था। इसके अलावा उन्होंने बहुउद्देशीय सचल राजकीय वाहन (संख्या यूपी-70 एजी-2200) का कथित रूप से अवैध उपयोग किया तथा उस पर अनधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती लगाकर उसका प्रयोग किया।
आदेश में वर्ष 2025-26 के दौरान कर्मचारियों एवं गौशालाओं से कथित अवैध धन उगाही तथा कर्मचारियों के मानसिक उत्पीड़न के आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही प्रयागराज मंडल में तैनाती के दौरान शासनादेशों की अनदेखी करते हुए समूह ‘ग’ एवं ‘घ’ के कर्मचारियों के नियम विरुद्ध स्थानांतरण करने का आरोप भी लगाया गया है।
शासनादेश के अनुसार, कन्नौज में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के पद पर तैनाती के दौरान भी उन्होंने शासन के निर्देशों का पालन नहीं किया। उन पर मानव संपदा पोर्टल पर जानबूझकर प्रीफिक्सिंग न कराने का आरोप है, जिसे अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही माना गया है।
अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान डॉ. अनिल कुमार को जीवन निर्वाह भत्ता नियमानुसार तभी देय होगा, जब वह यह प्रमाणित करेंगे कि वह इस अवधि में किसी अन्य सेवा, व्यापार अथवा व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं।

अन्य समाचार