मुख्यपृष्ठसमाचारमगध एवं वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षकेतर...

मगध एवं वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों ने विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार के पटना आवास का किया घेराव

अनिल मिश्र / पटना

बिहार राज्य संबद्ध डिग्री कॉलेज शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ के मगध एवं वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय इकाई के गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, रोहतास, बक्सर एवं भभुआ जिलों के सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने वर्षों पुरानी लंबित मांगों, जिनमें नियमित वेतनमान, पेंशन एवं आठ वर्षों का अनुदान शामिल है, को लेकर सरकार एवं विधानसभा पर दबाव बनाने के उद्देश्य से गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार के सरकारी एमएलसी आवास संख्या 9, आर ब्लॉक, पटना का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घंटों तक आवास का घेराव कर अपनी समस्याओं के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व फैक्टनेब के प्रदेश अध्यक्ष शंभू नाथ सिन्हा, मगध विश्वविद्यालय अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मिट्ठू तथा वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय अध्यक्ष शंभू सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रो. नवल किशोर शर्मा, डॉ. अरविंद कुमार, प्रो. शत्रुध्न प्रसाद, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, प्रो. शिव कुमार सिंह, प्रो. प्रीत कुमार सिंह, प्रो. ब्रजेश शर्मा, प्रो. मदन कुमार, प्रो. मोहम्मद एहसान, धर्मेंद्र कुमार, संटू सिंह, अभिषेक कुमार, सौरभ कुमार, प्रो. शालिग्राम मिश्रा एवं प्रो. शशि भूषण कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बिहार राज्य के संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी पिछले 40 वर्षों से नियमित वेतनमान एवं पेंशन की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। माननीय उच्च न्यायालय की डबल एवं सिंगल बेंच ने राज्य सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा गठित मुख्य सचिव के नेतृत्व वाली समिति को तीन माह के भीतर सरकारी कॉलेजों की तर्ज पर नियमित वेतनमान एवं पेंशन देने का आदेश दिया है, लेकिन राज्य सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। फैक्टनेब के पदाधिकारियों ने कहा कि अपने-अपने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद सदस्यों पर अंतिम दबाव बनाने के बाद भी यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।

अन्य समाचार