उमेश गुप्ता / वाराणसी
सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में 18 वर्षीय एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, लल्लापुरा में रोहित सिंह के मकान में किराए पर रहने वाले हनुमान प्रसाद चौरसिया पान दरीबा क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री पूजा को उसकी मां ने मोबाइल चलाने से मना किया था। इसी बात से नाराज होकर पूजा ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और पंखे के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटनास्थल पर पहुंचे एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि मृतका किसी अन्य व्यक्ति से बात करती थी, जिसको लेकर परिजन नाराज थे। इसी कारण उसे मोबाइल पर बात करने से मना किया जाता था। घटना वाले दिन भी उसकी मां ने उसे मोबाइल चलाने से मना किया, जिसके बाद पूजा की अपनी मां से मोबाइल चलाने और बात करने को लेकर बहस हुई। इसके बाद वह कमरे के अंदर चली गई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
