मुख्यपृष्ठसमाचारसंगमेश्वर महादेव के भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब!

संगमेश्वर महादेव के भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब!

-‘दीक्षित समाज’ का महाभंडारा; 10 हजार भक्तों ने चखा बाबा का महाप्रसाद, मन्नत पूरी होने पर हर साल सजता है दरबार

राजेश सरकार / प्रयागराज

श्रद्धा, संकल्प और समर्पण की त्रिवेणी पर बसे चकतेजऊ दीक्षित गांव स्थित संगमेश्वर महादेव मंदिर का वार्षिक महाभंडारा शुक्रवार को पूरी श्रद्धा के साथ आयोजित हुआ। अरैल संगम तट पर आयोजित इस भंडारे में सुबह से ही भक्तों का ऐसा रेला उमड़ा कि देर शाम तक पैर रखने की जगह नहीं थी। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा का महाप्रसाद ग्रहण किया। दीक्षित समाज के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस भंडारे में न सिर्फ लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, बल्कि बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी अन्न और जल का विशेष प्रबंध किया गया।
बाबा का संकल्प, बेटे ने किया पूरा
इस महाभंडारे के पीछे एक भावुक और प्रेरणादायक कहानी जुड़ी है। क्षेत्र के समाजसेवी शिवशांत दीक्षित ने बताया कि संगमेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना उनके पूज्य दादा स्वर्गीय संगमलाल दीक्षित की स्मृति में की गई थी। उनके पिता रमेशचंद्र दीक्षित ने पूरे समाज के सहयोग से इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया था।
उन्होंने बताया कि संगमलाल दीक्षित यमुनानगर क्षेत्र के 186 गांवों के प्रतिष्ठित पुरोहित थे। उनके मन में चकतेजऊ में एक भव्य शिव मंदिर की स्थापना का संकल्प था। उनके इसी संकल्प को उनके पुत्र रमेशचंद्र दीक्षित ने वर्ष 2011 में 24 जुलाई को पूरा किया। तभी से प्रत्येक वर्ष 24 जुलाई को इस भव्य महाभंडारे का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
सिर्फ भंडारा नहीं, समाज सेवा भी
अरैल संगम बांध रोड स्थित सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर के समीप आयोजित इस भंडारे में हर वर्ग के लोगों ने सेवा भाव से भागीदारी निभाई। दीक्षित समाज केवल धार्मिक आयोजनों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहा है।
शिवशांत दीक्षित ने बताया कि उनका समाज आर्थिक रूप से कमजोर एवं निर्धन परिवारों की कन्याओं के विवाह में हमेशा सहयोग करता है और अपनी सामर्थ्य के अनुसार हरसंभव सहायता प्रदान करता है।
शुक्रवार को आयोजित इस महाआयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब समाज एकजुट होकर सेवा और भक्ति का संकल्प लेता है, तो आस्था का स्वरूप और भी भव्य हो जाता है।

अन्य समाचार