मुख्यपृष्ठसमाचारकैंट स्टेशन पर दो युवकों से 1.95 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के...

कैंट स्टेशन पर दो युवकों से 1.95 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषण बरामद, जांच में जुटा आयकर विभाग

उमेश गुप्ता / वाराणसी

वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच के दौरान जीआरपी ने प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 से दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1.95 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में दोनों युवक गुजरात के निवासी बताए जा रहे हैं।
बरामद आभूषणों में हीरे जड़ी घड़ी, सोने की चेन, सोने की अंगूठियां समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। मामले की जानकारी तत्काल आयकर विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम भी जांच में जुट गई।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, आभूषणों के स्वामित्व, परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और उनके स्रोत की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आभूषणों का परिवहन सभी नियमों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद आभूषणों का किसी चोरी या अन्य आपराधिक मामले से कोई संबंध तो नहीं है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी भी एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अन्य समाचार