मुख्यपृष्ठसमाचारझारखंड प्रदेश के चौपारण में भारी मात्रा में नकली शराब बरामद, तीन...

झारखंड प्रदेश के चौपारण में भारी मात्रा में नकली शराब बरामद, तीन गिरफ्तार, दो वाहन जब्त

झारखंड से तस्करी कर बिहार के गया ले जाई जा रही थी शराब

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड प्रदेश के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व प्रखंड प्रमुख के पुत्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब बरामद करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो निजी वाहनों को भी जब्त किया है।
इस संबंध में चौपारण थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दो कारों की तलाशी लेने पर उनकी डिक्की से कुल 18 पेटी नकली अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की यह खेप झारखंड से बिहार के गया जिले ले जाई जा रही थी।
बरामद शराब की कुल मात्रा 216 बोतल बताई गई है, जो लगभग 216 लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में चौपारण के दबगर टोला निवासी सोनू कुमार दास, जो पूर्व प्रखंड प्रमुख का पुत्र बताया जा रहा है, शामिल है। अन्य दो आरोपी बिहार के गया जिले के डोभी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

अन्य समाचार