मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र स्थित कुंडाबसी गांव के बाहर शुक्रवार शाम पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में चार लोगों की मौत की आशंका है, जबकि दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना भीषण था कि शवों के चीथड़े दूर-दूर तक बिखर गए। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए।
बताया जाता है कि शुक्रवार शाम अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद फैक्टरी से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। विस्फोट के समय फैक्टरी में कुल 24 लोग काम कर रहे थे। चार श्रमिकों के मौत की आशंका के बीच पुलिस मौके पर पहुंची। दो शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मृतकों की पहचान दीपराज (23) और संदीप (25), निवासी इंदौर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गंगोह थाना पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पूरे क्षेत्र को घेरकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह फैक्टरी काफी समय से संचालित हो रही थी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए यहां बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी प्रकार की लापरवाही अथवा विस्फोटक सामग्री के गलत रखरखाव के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस फैक्टरी मालिक से भी पूछताछ कर रही है, जो गाजियाबाद का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस ने बरामद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
इस घटना ने एक बार फिर अवैध एवं असुरक्षित पटाखा फैक्टरियों के संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इसको लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं।
