सामना संवाददाता / झुंझुनूं
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बुहाना उपखंड के एक गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 59 वर्षीय वरिष्ठ शिक्षक पर 14 वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोधस्वरूप ग्रामीणों ने स्कूल पर ताला जड़ दिया। वहीं पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पोक्सो अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक की तलाश शुरू कर दी है।
पचेरी कलां थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, छात्रा के पिता ने बताया कि 20 जुलाई को उनकी नाबालिग बेटी स्कूल गई थी। आरोप है कि विद्यालय में पदस्थ वरिष्ठ शिक्षक राजवीर ने कक्षा के अन्य छात्रों को बाहर भेज दिया और दरवाजा बंद कर छात्रा के साथ गलत नीयत से अश्लील हरकतें कीं तथा छेड़छाड़ की। छात्रा ने किसी तरह खुद को बचाया और वहां से निकलकर घर पहुंची।
आरोप है कि घटना के बाद शिक्षक ने छात्रा को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया, तो वह फांसी लगा लेगा और छात्रा व उसके परिवार को जेल भिजवा देगा। डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी घटना बताई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष की ओर से समझौते का दबाव बनाया गया। उनका यह भी कहना है कि स्कूल के प्रधानाचार्य और स्टाफ को सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इसके विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल पर ताला जड़ दिया और पचेरी कलां थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक राजवीर के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा के निर्देश पर दो महिला प्रधानाचार्यों सहित तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया। शनिवार को समिति जांच के लिए पथाना स्थित विद्यालय पहुंची।
ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने आरोपी वरिष्ठ अध्यापक राजवीर को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से कार्यमुक्त कर उसका मुख्यालय सीडीईओ कार्यालय, झुंझुनूं कर दिया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष ने बताया कि घटना के अगले दिन, यानी 21 जुलाई से आरोपी शिक्षक स्कूल नहीं आया है। उसने व्हॉट्सएप के माध्यम से बीमार होने का हवाला देते हुए अवकाश का आवेदन भेजा है। विभागीय नियमों के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक का सेवानिवृत्ति का समय अगले वर्ष जुलाई में निर्धारित है।
पचेरी कलां थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी शिक्षक की तलाश कर रही है। वह पिछले चार दिनों से न तो स्कूल आया है और न ही उसका कोई पता चल सका है।
