राजेश सरकार / प्रयागराज
मुखबिर की सटीक सूचना पर नैनी के कांशीराम आवास योजना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस को जानकारी मिली कि कॉलोनी के सुनसान इलाके में बड़े पैमाने पर गोकशी की जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख कसाइयों के गिरोह में हड़कंप मच गया। खुद को चारों ओर से घिरा पाकर आरोपियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर अवैध तमंचों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की एक गोली शातिर गोकश हामिद के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
मौके से आठ आरोपी गिरफ्तार, एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस ने घेराबंदी कर घायल हामिद समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि घायल हामिद कोई सामान्य अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
कत्लखाने के औजार और मांस बरामद
पुलिस ने मौके से गोकशी में प्रयुक्त भारी उपकरण, कुल्हाड़ी, बड़े छुरे, तराजू तथा गोवंश के अवशेष बरामद किए हैं। जीवित मिले गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
पुलिस कमिश्नरेट अब पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटा है। यह पता लगाया जा रहा है कि मांस की आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी और इस गिरोह को पर्दे के पीछे से कौन संरक्षण दे रहा था। एसीपी सुनील कुमार सिंह के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
गोकशी की घटना पर भड़के हिंदू संगठन, थाने पहुंचकर जताया विरोध
नैनी के खरखौनी क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी में कथित गोकशी की घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई में सहयोग किया और आरोपियों को पकड़ने में मदद करने का दावा किया।
नैनी थाने का घेराव, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना से नाराज बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और भाजपा नेता शनिवार को नैनी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
ये रहे प्रमुख लोग मौजूद
प्रदर्शन में प्रांत गो रक्षा मंत्री लालमणि तिवारी, प्रांत युवा प्रमुख गो रक्षा स्वामी जी, गो रक्षा विभाग के संयोजक अमित, प्रांत सह गौरक्षा प्रमुख लवलेश बजरंगी, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष (युवा मोर्चा) नरसिंह, नैनी मंडल अध्यक्ष रजत दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं नामित पार्षद दिलीप केसरवानी, महामंत्री ओमप्रकाश मिश्रा, महामंत्री दिनेश पटेल, विश्व हिंदू परिषद के महानगर उपाध्यक्ष गुरु प्रकाश राव ‘बुलबुल’, योगेश सिंह, नैनी मंडल उपाध्यक्ष श्याम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
