अनिल मिश्र / रांची
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने इसे मोदी सरकार की विफलता, सत्ता के अहंकार की पराजय तथा राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और देश के करोड़ों छात्रों-युवाओं के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत बताया।
उन्होंने कहा कि यह इस्तीफा किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि उस सत्ता की हार है, जिसने वर्षों तक छात्रों की आवाज़ को दबाने, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने और हर सवाल का जवाब दमन से देने का प्रयास किया। उनके अनुसार आज देश का युवा जीता है और सत्ता का अहंकार हारा है।
विजय शंकर नायक ने कहा कि जब शिक्षा मंत्री को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी, तो सबसे बड़ा सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से है। उन्होंने पूछा कि क्या शिक्षा मंत्री अकेले दोषी थे या पूरी सरकार इस विफलता की समान रूप से जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार में नैतिकता बची है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस्तीफा देकर देश से माफी मांगनी चाहिए। उनका आरोप था कि सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, बेरोजगारी को बढ़ावा दिया, शिक्षा व्यवस्था को संकट में डाला और छात्रों के आंदोलनों पर बल प्रयोग किया।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक युवाओं की लड़ाई लड़ी और कांग्रेस पार्टी ने हर मंच पर छात्रों की आवाज़ बुलंद की। उनके अनुसार अंततः जनशक्ति ने सत्ता को झुकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत और तानाशाही की हार बताया।
विजय शंकर नायक ने प्रधानमंत्री से कई सवाल पूछते हुए कहा—
* धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया, अब नरेंद्र मोदी कब इस्तीफा देंगे?
* युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की जवाबदेही कौन तय करेगा?
* शिक्षा व्यवस्था की दुर्दशा और युवाओं के साथ हुए अन्याय का जिम्मेदार कौन है?
* क्या केवल मंत्री बदल देने से सरकार की विफलता छिप जाएगी?
उन्होंने कहा कि देश का युवा अब डरने वाला नहीं है। उनके अनुसार सत्ता का अहंकार टूट चुका है और जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा मंत्री ने नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा दिया है, तो प्रधानमंत्री को भी देश के करोड़ों छात्रों, युवाओं और अभिभावकों को यह बताना चाहिए कि शिक्षा व्यवस्था में उत्पन्न संकट, प्रतियोगी परीक्षाओं में अव्यवस्था और युवाओं के बढ़ते आक्रोश की जिम्मेदारी कौन लेगा।
