मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिटीएमयू के विद्यार्थी वैश्विक अवसरों के अनुरूप स्वयं को करें विकसित: विशेषज्ञ

टीएमयू के विद्यार्थी वैश्विक अवसरों के अनुरूप स्वयं को करें विकसित: विशेषज्ञ

सामना संवाददाता / मुरादाबाद

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में “एम्पॉवरिंग यंग माइंड्स : लर्निंग, लीडरशिप एंड नेशन बिल्डिंग” विषय पर आयोजित लीडरशिप टॉक सीरीज के 20वें सत्र में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के पूर्व वरिष्ठ निदेशक बिमल कुमार सिकदार ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की।
मैक्सवेल स्कूल, सिराक्यूज़ यूनिवर्सिटी (अमेरिका), आईआईटी खड़गपुर तथा आईआईएम बेंगलुरु के पूर्व छात्र बिमल कुमार सिकदार ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेतृत्व क्षमता, नवाचार, कौशल विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व का समन्वय ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने योग्य बनाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से वैश्विक अवसरों के अनुरूप स्वयं को निरंतर विकसित करने, नई तकनीकों को अपनाने और आजीवन सीखते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सशक्त भारत का निर्माण सशक्त, कुशल और दूरदर्शी युवाओं के हाथों ही संभव है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों में सकारात्मक नेतृत्व, नवाचार और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में उन्हें स्मृति-चिह्न एवं चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
निदेशक छात्र कल्याण प्रो. एम.पी. सिंह ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने नेतृत्व, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्य वक्ता से सवाल पूछे।
कार्यक्रम में फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आशु मित्तल सहित फार्मेसी कॉलेज, फैकल्टी ऑफ एजुकेशन, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग, कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट आदि की फैकल्टी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय सहायक निदेशक (अकादमिक) डॉ. नेहा आनंद ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

अन्य समाचार