-महापौर को धमकी भरा ई-मेल; मुंबई में हाई अलर्ट, सीएसएमटी-मेट्रो पर बीडीडीएस व डॉग स्क्वॉड तैनात
जेदवी / मुंबई
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले मुंबई को दहलाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई है। मुंबई की महापौर रितु तावड़े के आधिकारिक ई-मेल पर कल सुबह करीब ९:२१ बजे धमकी भरा ई-मेल आया। इसमें १५ अगस्त से पहले मुंबई के विभिन्न हिस्सों में बम धमाके करने की धमकी दी गई है। धमकी में महापौर कार्यालय, उनकी गाड़ी, मुंबई मेट्रो, स्कूलों, मंत्रालय और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को निशाना बनाने का दावा किया गया है। इसके बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पिछले ६ महीने में तीसरी बार महापौर को धमकी भरा ईमेल मिला है। मेट्रो नेटवर्क को विशेष रूप से निशाना बनाए जाने के दावे के बाद घाटकोपर से अंधेरी तक प्रमुख और भीड़भाड़ वाले मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घाटकोपर, मरोल नाका, अंधेरी और गुंदवली समेत संवेदनशील स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध गतिविधि को लेकर सतर्क हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ा पहरा
धमकी के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) समेत मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा भी चाक-चौबंद कर दी गई है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और खड़ी ट्रेनों की सघन जांच के लिए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वाड को तैनात किया गया है। सीएसएमटी सहित संवेदनशील रेलवे केंद्रों पर आरपीएफ, जीआरपी और मुंबई पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
मनपा मुख्यालय पर भी सुरक्षा घेरा
महापौर कार्यालय को धमकी मिलने के बाद मनपा मुख्यालय और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील मार्गों पर वाहनों की आवाजाही तथा प्रवेश-निकास पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों की ओर से परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू है।
बीएसई और सरकारी इमारतें भी निशाने पर
धमकी में बीएसई सहित सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों को निशाना बनाने का दावा किया गया है। इसके बाद वित्तीय और सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रवेश-निकास पर जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और लावारिस वस्तुओं की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। धमकी भरे ई-मेल की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस की साइबर टीम ने जांच शुरू कर दी है।
