मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिहोली होराइजन स्कूल में श्रद्धा, समर्पण और सामूहिक चेतना का संदेश बना...

होली होराइजन स्कूल में श्रद्धा, समर्पण और सामूहिक चेतना का संदेश बना आयोजन

सामना संवाददाता / कल्याण

विद्यालय परिसर में श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच महा रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया गया। पूजा की सभी धार्मिक विधियां संत श्री अप्रमेय प्रपन्नाचार्य जी के निर्देशन एवं सानिध्य में विधिवत संपन्न हुईं। इस अवसर पर परिवारजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने सामूहिक रूप से भगवान शिव का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
आयोजन के संयोजक डॉ. रमाकांत क्षितिज ने कहा कि अच्छे कार्यों को अकेले करने के बजाय सामूहिक रूप से करना अधिक सार्थक होता है। जब अनेक लोग एक उद्देश्य के लिए एक साथ आते हैं, तो व्यक्ति का महत्व पीछे रह जाता है और समूह का उद्देश्य सर्वोपरि हो जाता है। उनके अनुसार, सामूहिक रूप से शिव की आराधना करने से अहंकार का भाव कम होता है और सहयोग, समर्पण तथा एकत्व की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय आध्यात्मिक चिंतन में ईश्वर को निराकार माना गया है—वह सबमें होकर भी किसी एक सीमा में बंधा नहीं है। ईश्वर प्रकृति से बंधा हुआ नहीं, बल्कि प्रकृति का आधार है। इसी भाव को आत्मसात करते हुए रुद्राभिषेक को व्यक्तिगत पूजा न बनाकर सामूहिक सहभागिता का स्वरूप दिया गया।
डॉ. क्षितिज ने कहा कि लोगों को साथ लेकर चलना और सामूहिक प्रयास करना उनके लिए सदैव महत्वपूर्ण रहा है। इसी भावना के तहत उन्होंने अपने हित-मित्रों एवं परिवारजनों को साथ लेकर इस धार्मिक आयोजन का स्वरूप तैयार किया।
पूजा के दौरान यश, अमर, देवानंद एवं एडवोकेट नितेश पांडे ने श्रद्धालुओं को पूजा की विभिन्न विधियों को विधि-विधान एवं उचित क्रम से संपन्न कराने में सहयोग किया। उनके सहयोग से सभी सहभागी श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में सहजता से भाग लिया।
महा रुद्राभिषेक में गिरजा शंकर मिश्र, सभाजीत पांडे, राजेंद्र तिवारी, मनोज मिश्रा, संजय पांडेय, सुशील पांडे, विनोद पांडे, डॉ. विजय यादव, आकाश मिश्रा, श्रीकांत तिवारी, लाल पांडे, भानुमति तिवारी, अमरावती पांडे, श्वेताँक उपाध्याय, मुक्ति तिवारी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने परिवार सहित सहभागिता की।
पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। सामूहिक पूजा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सामाजिक एकता, सहयोग, समर्पण और अहंकार से ऊपर उठकर एक उद्देश्य के लिए साथ आने का संदेश भी दिया।

अन्य समाचार