अनिल मिश्र / पटना
राष्ट्रव्यापी स्वच्छता पखवाड़ा 2026 अभियान के अंतर्गत आज बुधवार को दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शी नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, प्रो. पवन कुमार मिश्रा, डीएसडब्लयू, एनएसएस समन्वयक प्रो. उषा तिवारी तथा विश्वविद्यालय के कार्यपालक अभियंता श्री कल्याण साहा का सक्रिय सहयोग एवं उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारियों डॉ. अनिल कुमार, डॉ. रिंकी एवं डॉ. पारिजात प्रधान ने आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कीं। वहीं प्रकोष्ठ के सदस्यों डॉ. पीयूष कुमार सिंह, डॉ. राधेश्याम ढोले, डॉ. महेंद्र खत्रावत एवं डॉ. विजय मोहरे ने कार्यक्रम के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस संबंध में दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी)के जन सम्पर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि “आज का स्वच्छ परिसर, कल के स्वस्थ राष्ट्र की नींव है” विषय पर आयोजित स्वच्छता अभियान में शिक्षकगण, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिसर में स्वच्छता को बढ़ावा देना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना, सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना था। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन की मूल भावना को विश्वविद्यालय समुदाय के बीच सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।स्वच्छता अभियान मुख्य रूप से विश्वविद्यालय के कैंटीन क्षेत्र तथा केंद्रीय पुस्तकालय के सामने आयोजित किया गया, जो परिसर के अत्यधिक उपयोग किए जाने वाले सार्वजनिक स्थल हैं। शिक्षकगण, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए निर्धारित क्षेत्रों की सफाई की। प्रतिभागियों ने आसपास बिखरे कचरे एवं अपशिष्ट को एकत्र किया तथा परिसर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में अपना योगदान दिया।अभियान के दौरान प्रतिभागियों को कचरे के उचित निपटान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, विश्वविद्यालय समुदाय के सदस्यों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाने हेतु प्रेरित किया गया।
