मुख्यपृष्ठनए समाचारशौक ने पहुंचाया हवालात :  कट्टे के साथ रील बनाकर बन रहे...

शौक ने पहुंचाया हवालात :  कट्टे के साथ रील बनाकर बन रहे थे ‘डॉन’… प्रयागराज पुलिस ने उतारा वीडियो का नशा

राजेश सरकार / प्रयागराज

‘रील’ के चक्कर में ‘रियल’ जेल की हवा खाने का एक और ताजा मामला प्रयागराज में सामने आया है। खुद को सोशल मीडिया का ‘डॉन’ साबित करने के चक्कर में दो सगे दोस्त अब हवालात की सलाखों के पीछे अपनी किस्मत को रो रहे हैं। पुलिस की गश्ती टीम ने बंद पड़ी बीपीसीएल कंपनी के पीछे से दो युवकों को दबोचा, जिनके पास से न सिर्फ अवैध कट्टा और कारतूस मिला, बल्कि उनके मोबाइल ने उनके जुर्म की ऐसी ‘पिक्चर’ दिखाई कि दोनों का सारा शौक हवा हो गया।
कमरे के पास ‘गिफ्ट’ में मिला तमंचा?
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की गिरफ्त में आए इन अभियुक्तों की पहचान 19 वर्षीय जितेन्द्र मिश्रा (मूल निवासी चित्रकूट, हाल पता नैनी और 18 वर्षीय शिवनन्दन पाल निवासी मवैया के रूप में हुई है। जब पुलिस ने इनके पास से कट्टा बरामद कर कड़ाई से पूछताछ की, तो जितेन्द्र ने पुलिस को बरगलाने के लिए बेहद फिल्मी कहानी सुनाई। उसने दावा किया कि यह तमंचा और कारतूस उसे अपने कमरे के पास एक पन्नी में लावारिस पड़े मिले थे, जिसे इन दोनों ने ‘शौक’ के लिए अपने पास रख लिया।
मोबाइल के लॉक खुलते ही खुली पोल
पुलिस ने जब इनके पास से बरामद रियलमी मोबाइल के सिक्योरिटी लॉक तोड़े, तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई। गैलरी के वीडियो फोल्डर में इन नौसिखिए अपराधियों के कारनामों की पूरी रील मौजूद थी। पहले वीडियो में जितेन्द्र मिश्रा पकड़ी गई मोटरसाइकिल पर बैठकर हाथ में तमंचा लहराते हुए ठाट से कारतूस लोड करता है और फिर ट्रिगर दबाकर हवाई फायर ठोक देता है। रील बनाने का भूत यहीं नहीं उतरा; दूसरे वीडियो में उसका जोड़ीदार शिवनन्दन पाल उसी तमंचे को हाथ में लेकर दूसरा कारतूस लोड करते हुए अपनी बहादुरी का प्रदर्शन कर रहा था।
शौक पड़ा भारी, दर्ज हुआ मुकदमा
जब पुलिस ने वीडियो सामने रखकर तीखे सवाल पूछे, तो दोनों रोने लगे और कुबूल किया कि सिर्फ शौक के लिए उन्होंने यह वीडियो बनाया और फायरिंग की थी। पुलिस ने इनके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। दोनों के खिलाफ मुकदमा संख्या 130/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि सोशल प्लेटफॉर्म पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले ऐसे ‘शौकिया अपराधियों’ को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

अन्य समाचार