-भाजपा नेता ने ईरान-अमेरिका युद्ध को बताया सड़क निर्माण में देरी की वजह
-विपक्ष का तंज, अब महाराष्ट्र के गड्ढों के लिए भी ट्रंप जिम्मेदार?
रामदिनेश यादव / मुंबई
दिल्ली में ‘कॉकरोच आंदोलन’ को लेकर हुए राजनीतिक नुकसान की भरपाई के लिए भाजपा की ओर से जगह-जगह तिरंगा रैली के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे ही एक कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व सांसद सुजय विखे पाटील ने दावा किया कि अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण सड़क विकास परियोजनाओं का काम प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि युद्ध के चलते डामर का आयात प्रभावित हुआ है और देश में डामर की कमी हो गई है। इसी वजह से नगर-मनमाड सड़क परियोजना का काम भी प्रभावित हुआ है।
विखे पाटील ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ट्रंप जैसा ‘पागल’ व्यक्ति कभी नहीं देखा। हालांकि, सड़क का काम समय पर पूरा क्यों नहीं हो रहा, इसका स्थानीय स्तर पर जवाब देने के बजाय अंतर्राष्ट्रीय संघर्ष को वजह बताए जाने से महायुति सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
डामर दिल्ली से आता है, इसलिए काम रुका!
सुजय विखे पाटील ने दावा किया कि युद्धजन्य परिस्थितियों के कारण डामर की आपूर्ति प्रभावित हुई है और सड़क निर्माण के लिए डामर दिल्ली से लाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इसका असर महाराष्ट्र की कई सड़क परियोजनाओं पर पड़ा है और नगर-मनमाड महामार्ग भी इससे अछूता नहीं रहा है।
‘मैं दिमाग का डॉक्टर हूं, राजनीति में मेरा ही दिमाग खराब हो गया’
नगर-मनमाड मार्ग के काम में तेजी लाने की मांग स्थानीय नागरिक लंबे समय से कर रहे हैं। ऐसे में सड़क निर्माण में देरी के लिए अमेरिका-ईरान संघर्ष का हवाला दिए जाने से विखे पाटील का बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
विखे पाटील ने कार्यक्रम में अपने राजनीतिक अनुभव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वे मस्तिष्क के डॉक्टर हैं, लेकिन राजनीति में आने के बाद उनका अपना ही दिमाग खराब हो गया। उनके इस बयान की भी राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने विखे पाटील के बयान पर महायुति सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीन पर सड़क निर्माण में देरी के लिए भी डोनाल्ड ट्रंप को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
सावंत ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार वर्षों से विकास नहीं कर पाई तो उसके लिए नेहरूजी को जिम्मेदार ठहराया जाता है और अब सड़कों के गड्ढे भरने के लिए ट्रंप जिम्मेदार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि गजब की बहानेबाजी इस सरकार में चल रही है। जनता को सड़क चाहिए, बहाने नहीं।
