राजेश सरकार / प्रयागराज
कमिश्नरेट प्रयागराज के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पिपरांव चाका में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सोमवार को विद्यालय खुलने पर हुई। प्रधान अध्यापक राजेंद्र कुमार पांडेय ने औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम के बाद विद्यालय को व्यवस्थित तरीके से बंद कर सभी स्टाफ अपने घर चले गए थे। 17 अगस्त को विद्यालय पहुंचने पर मुख्य द्वार का ताला और इंटरलॉक टूटा मिला। अंदर जाकर देखा गया तो विद्यालय में रखी सामग्री अस्त-व्यस्त थी और कई सामान गायब थे। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।
शिकायत के अनुसार, चोर विद्यालय से दो सिलेंडर, एक भगोना, करीब 30 थालियां, दो स्पीकर, यूएसबी और खाद्य सामग्री समेत अन्य सामान उठा ले गए। विद्यालय परिसर में चोरी की घटना से कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए, क्योंकि लगातार ऐसी घटनाओं से शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित हो सकता है।
शिक्षकों ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
