राजेश सरकार / प्रयागराज
औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत मवैया गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 20 वर्षीय निशा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों की नजर शव पर पड़ते ही घर में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि रविवार को ही निशा अपने ननिहाल मड़ौका से घर लौटी थी। इसी वर्ष उसने हाईस्कूल की परीक्षा पास करने के बाद आईटीआई स्कूल में दाखिला लिया था। वह दो भाइयों की अकेली बहन थी। बड़े भाई को हाल ही में रेलवे में नौकरी मिली है। उसके पिता दिनेश निषाद गांव में ही मजदूरी करते हैं, जबकि छोटा भाई घर में ही रहता है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
