मुख्यपृष्ठसमाचारट्रक चालक की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत

ट्रक चालक की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनापार जोन नैनी के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत सरस्वती हाईटेक सिटी परिसर स्थित पेप्सी कंपनी में माल डिलीवरी के लिए आए ट्रक चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि चालक को हार्ट अटैक आया था। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस के मुताबिक, बिहार निवासी विजय कुमार झा, पुत्र विद्यानंदन झा, सोमवार तड़के बरेली से ट्रक लेकर पेप्सी कंपनी पहुंचा था। सुबह करीब नौ बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। कंपनी कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में उसे उपचार के लिए चाका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सीएचसी के चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
औद्योगिक क्षेत्र थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल ने बताया कि प्रथमदृष्टया हार्ट अटैक की आशंका है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

अन्य समाचार