मुख्यपृष्ठनए समाचारवाह मैडम जी, मुंबई की समस्याएं जस की तस... खुद की...

वाह मैडम जी, मुंबई की समस्याएं जस की तस… खुद की `इमेज’ चमकाने में फूंकेंगी `२५ लाख

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई की महापौर रितु तावडे एक बार फिर अपने फैसले को लेकर विवादों में घिरती नजर आ रही हैं। इस बार मामला सीधे जनता की गाढ़ी कमाई से जुड़ा है। महापौर की सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि बढ़ाने और उनकी तस्वीरें ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए मुंबई महानगरपालिका करीब २५ लाख रुपए खर्च करने की तैयारी में है।
महापौर के सोशल मीडिया प्रबंधन और प्रचार-प्रसार के लिए एक वर्ष की निविदा स्थायी समिति के सामने रखी जा रही है। प्रस्ताव के मुताबिक, १ अगस्त २०२६ से ३१ जुलाई २०२७ तक के लिए २५ लाख १२ हजार ७८६ रुपए खर्च किए जाएंगे। यानी जनता के टैक्स से जमा पैसा अब महापौर की सोशल मीडिया ब्रांडिंग पर खर्च होगा। सवाल यह है कि मुंबईकरों की प्राथमिकताएं क्या हैं? शहर की खराब सड़कें, गड्ढे, यातायात की समस्याएं, नागरिक सुविधाओं की बदहाली और अन्य बुनियादी समस्याएं आज भी जनता को परेशान कर रही हैं। ऐसे समय में महापौर की तस्वीरें और सोशल मीडिया लाइक्स बढ़ाने के लिए लाखों रुपए खर्च करने की जरूरत आखिर क्यों पड़ रही है?
महापौर की सोशल मीडिया मामले पर भड़कीं विपक्षी नेता
मुंबई की महापौर रितु तावडे की सोशल मीडिया प्रसिद्धि के लिए कथित तौर पर २५ लाख रुपए खर्च किए जाने के प्रस्ताव ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इस मुद्दे पर शिवसेना ने भाजपा और महापौर पर तीखा हमला बोला है। मुंबई मनपा में विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर ने आरोप लगाया कि मुंबईकरों की मेहनत की कमाई को प्रचार-प्रसार के नाम पर लुटाया जा रहा है। मीडिया से बातचीत में पेडणेकर ने कहा कि महापौर के कार्यालय के सोशल मीडिया प्रबंधन के लिए स्थायी समिति के प्रस्ताव में २५ लाख रुपए से अधिक खर्च करने की तैयारी है।

अन्य समाचार