राजेश सरकार / प्रयागराज
कमिश्नरेट के गंगापार नवाबगंज थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े पिस्तौल के बल पर बाइक सवार युवक को लूट लिया। वारदात के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, कन्नौज जनपद के सौरिख थाना क्षेत्र के बरेठी निवासी विवेक सिंह अपने छोटे भाई ललित के साथ 26 अगस्त को करीब 2:20 बजे स्प्लेंडर बाइक से कन्नौज से मड़ियान मिर्जापुर जा रहे थे। नवाबगंज थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित लीलावती विद्यालय के सामने पीछे से आए बाइक सवार तीन लोगों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने विवेक सिंह की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और धमकाते हुए उनकी बाइक और बैग लूट लिया। बैग में आधार कार्ड, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान रखा था। पीड़ित के मुताबिक, लूटी गई स्प्लेंडर बाइक करीब दस दिन पहले ही खरीदी गई थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश तेजी से फरार हो गए। दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस घटना से राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनुज कुमार वर्मा को सौंपी गई है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
नई बाइक, मोबाइल और दस्तावेज भी गए
लूट में पीड़ित की नई स्प्लेंडर बाइक के साथ बैग में रखा आधार कार्ड और मोबाइल फोन भी बदमाश ले गए। पुलिस के सामने बदमाशों तक पहुंचने और लूटी गई बाइक बरामद करने की चुनौती है।
