राजेश सरकार / प्रयागराज
रक्षाबंधन का पावन पर्व सिर्फ भाई-बहन के स्नेह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी महापर्व है। इसी राष्ट्रभक्ति की भावना को समेटे हुए रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम ने श्रीनिवास रामानुजन पब्लिक स्कूल (सिविल लाइंस) के साथ मिलकर एक अनूठी और भावुक पहल की। स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने न सिर्फ अपने हाथों से कलात्मक राखियां बनाईं, बल्कि खुद सरहद के रखवालों के बीच पहुंचकर उनकी कलाइयों पर अपनी अनमोल राखियां बांधीं।
ओल्ड कैंट, तेलियरगंज में जब देश के रक्षकों की कलाइयों पर बच्चों के हाथों से बनी राखियां सजीं तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें खुशी और भावुकता से नम हो गईं। बच्चों का उत्साह और वीर जवानों के प्रति उनका सम्मान देखने लायक था। इस भावपूर्ण पल ने रक्षाबंधन के उत्सव को राष्ट्रभक्ति के एक बड़े संदेश में बदल दिया।
इस गौरवशाली अवसर पर डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी एवं क्लब प्रेसिडेंट रोटेरियन अजय शर्मा, क्लब सेक्रेटरी रोटेरियन प्रमय मित्तल और क्लब कोषाध्यक्ष व स्कूल के वाइस चेयरमैन रोटेरियन अपूर्व विशेष रूप से उपस्थित रहे। रोटेरियन अल्पना शर्मा और रोटेरियन नेहा जायसवाल सहित क्लब के 12 रोटेरियन्स ने इस राष्ट्रसेवा के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतिभाशाली बच्चों का हुआ सम्मान
जवानों का हौसला बढ़ाने से पहले स्कूल में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। बच्चों को चार समूहों में बांटा गया था, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल आठ होनहार बच्चों (प्रत्येक समूह से प्रथम एवं द्वितीय) को पुरस्कृत कर उनकी रचनात्मकता और देशप्रेम की भावना को सराहा गया।
इस मौके पर रोटेरियन मनीष गर्ग ने कहा, “बच्चों द्वारा बनाई गई राखियां जब हमारे वीर जवानों की कलाइयों पर बंधीं, तो यह केवल एक त्योहार नहीं रहा। यह देश के रक्षकों के प्रति हमारी कृतज्ञता की जोरदार अभिव्यक्ति बन गया। यह अनूठा प्रयास हमारी आने वाली पीढ़ी के दिलों में देशभक्ति और सेवा की भावना का बीज बोने का काम करेगा।”
रोटरी क्लब की इस राष्ट्रभक्त पहल की प्रयागराज में जमकर सराहना हो रही है।
