– पटाया में उतरेंगे ५ हजार नौसैनिक
-थाई पुलिस ने बढ़ाई गश्त और छापेमारी
-लंबी समुद्री तैनाती के बाद ‘आराम’ पर जवान; वेश्यावृत्ति, नशे और नाइटलाइफ पर प्रशासन की कड़ी नजर
एजेंसी / बैंकॉक
दुनिया भर में सैन्य ताकत दिखा रहे अमेरिका के हजारों नौसैनिक अब थाईलैंड के मशहूर पर्यटन शहर पटाया में आराम और मनोरंजन के लिए उतर रहे हैं, लेकिन उनकी आमद से पहले ही स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है। अमेरिकी परमाणु संचालित विमानवाहक पोत ‘यूएसएस अब्राहम लिंकन’ और उसके साथ मौजूद युद्धपोत लाएम चाबांग बंदरगाह पहुंचे हैं। करीब ५,००० अमेरिकी नाविक और मरीन लंबी और तनावपूर्ण समुद्री तैनाती के बाद यहां कुछ दिनों की छुट्टी बिताएंगे। लेकिन इतनी बड़ी संख्या में सैनिकों के एक साथ पटाया पहुंचने से पुलिस ने नाइटलाइफ क्षेत्रों, समुद्र तट और देह व्यापार से जुड़े इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। हालिया कार्रवाई में करीब ४० से ५० लोगों को वेश्यावृत्ति से जुड़े मामलों में हिरासत में लिया गया। कुछ इलाकों को अमेरिकी सैनिकों के लिए प्रतिबंधित भी किया गया है।
कारोबारियों की बल्ले-बल्ले लेकिन पुलिस की बढ़ी टेंशन
थाईलैंड के मशहूर पर्यटन शहर पटाया में हजारों अमेरिकी सैनिकों के पहुंचने की खबर से कारोबारियों में उत्साह है, लेकिन पुलिस की चिंता बढ़ गई है। सेक्स टूरिज्म के लिए बदनाम शहर में प्रशासन ने होटल, बार और मनोरंजन प्रतिष्ठानों को अवैध यौन सेवाओं, ड्रग्स और प्रतिबंधित गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है। थाईलैंड में वेश्यावृत्ति कानूनन अवैध है, हालांकि पटाया लंबे समय से सेक्स टूरिज्म के लिए बदनाम रहा है। प्रशासन ने होटल, बार और मनोरंजन प्रतिष्ठानों को भी चेतावनी दी है कि अमेरिकी सैनिकों को अवैध यौन सेवाएं, नशीले पदार्थ या अन्य प्रतिबंधित गतिविधियां उपलब्ध न कराई जाएं। दूसरी तरफ स्थानीय कारोबारियों को उम्मीद है कि हजारों अमेरिकी सैनिक होटल, रेस्तरां और दुकानों में खर्च कर पर्यटन अर्थव्यवस्था को कुछ दिनों के लिए बड़ा सहारा देंगे। यानी तस्वीर दिलचस्प है, अमेरिकी सैनिकों के आने से पटाया के कारोबारी खुश हैं, लेकिन पुलिस की चिंता भी बढ़ गई है।
