सुनील ओसवाल / नासिक
सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर महाराष्ट्र सरकार बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं कर रही है, लेकिन कुंभ प्राधिकरण की कार्यप्रणाली अब इन्हीं दावों पर सवाल खड़े कर रही है। प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर परियोजनाओं और उनकी प्रगति से जुड़ी जानकारी नियमित रूप से अपडेट नहीं होने से पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आखिर कुंभ के लिए कितने काम मंजूर हुए, कितनों पर काम शुरू हुआ और कितने पूरे होने की स्थिति में हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी जनता को क्यों नहीं मिल रही?
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल से जुड़े कार्यों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। कुंभ के लिए महामंडल के अधीन आठ कार्य प्रस्तावित होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कितने शुरू हुए और कितनों को प्रशासनिक या तकनीकी मंजूरी मिली, इसकी अद्यतन जानकारी सार्वजनिक नहीं है। सूत्रों के अनुसार, एक भी काम शुरू नहीं हुआ है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सरकार की प्रशासनिक क्षमता की भी बड़ी परीक्षा है। ऐसे में सवाल सीधा है, जब कुंभ नजदीक है, तो प्राधिकरण की वेबसाइट पर तैयारियों की वास्तविक तस्वीर जनता के सामने क्यों नहीं है?
कुंभ सिर पर, काम का पता नहीं
कुंभ प्राधिकरण की वेबसाइट पर परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी सार्वजनिक नहीं होने से पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। खासकर परिवहन से जुड़े आठ प्रस्तावित कार्यों की मौजूदा स्थिति स्पष्ट नहीं है। सूत्रों के अनुसार, एक भी काम शुरू नहीं हुआ है, हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
