मुख्यपृष्ठनए समाचारएमपीएससी पेपर लीक मामला सबूत तो दे दिया, अब इस्तीफा कब दोगे?

एमपीएससी पेपर लीक मामला सबूत तो दे दिया, अब इस्तीफा कब दोगे?

– विपक्ष का सरकार से तीखा सवाल
– रोहित पवार के भीमनवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार ने महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है। रोहित पवार ने भीमनवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके पास इससे जुड़े घोटालों के ठोस सबूत मौजूद हैं। इसके बावजूद सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है, यह सवाल उन्होंने सरकार से पूछा है। रोहित पवार ने कहा कि यदि सरकार के पास भीमनवार के खिलाफ सामने आए आरोपों और उपलब्ध सबूतों के बावजूद कार्रवाई करने का साहस नहीं है, तो इससे सरकार की भूमिका पर ही सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मांग की कि भीमनवार नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
एमपीएससी में पेपर लीक और आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पहले से सवालों के घेरे में चल रहे विवाद के बीच रोहित पवार के आरोपों ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रोहित पवार ने चाणक्य के संदर्भ का हवाला देते हुए कहा कि यदि किसी राजा या वरिष्ठ अधिकारी के चरित्र और आचरण पर गंभीर सवाल खड़े हों, तो उसे उस पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं होना चाहिए। इसी आधार पर उन्होंने भीमनवार को पद से हटाने की मांग की।
अशोका बिल्डकॉन को ही टेंडर क्यों?
रोहित पवार ने भीमनवार और अशोका बिल्डकॉन कंपनी के बीच कथित संबंधों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। पत्रकार परिषद में उन्होंने टेंडर प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करते हुए पूछा कि आखिर सभी टेंडर एक ही कंपनी को क्यों दिए गए? उन्होंने सवाल उठाया कि भीमनवार और अशोका बिल्डकॉन के बीच वास्तव में क्या संबंध हैं? टेंडर प्रक्रिया में किसी प्रकार का पक्षपात हुआ था या नहीं, इसकी उच्चस्तरीय जांच क्यों नहीं की जा रही है? रोहित पवार ने सरकार से सवाल किया कि जब आरोपों के साथ सबूत भी सामने रखे जा रहे हैं, तो कार्रवाई करने में आखिर इतनी हिचकिचाहट क्यों है?

अन्य समाचार