-२०० करोड़ के सुकेश कांड में नया मोड़ – राउज एवेन्यू कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
सामना संवाददाता / मुंबई
बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस की मुश्किलें बढ़ेंगी या उन्हें राहत मिलेगी? सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े २०० करोड़ रुपए के कथित जबरन वसूली और मकोका मामले में जैकलीन को आरोपी बनाए जाने की मांग पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई पूरी कर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। फिलहाल, जैकलीन इस मकोका मामले में आरोपी नहीं हैं। अब अदालत के फैसला पर सभी की नजरें टिकी हैं। जैकलीन पहले से ही २०० करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी हैं। मई २०२६ में दिल्ली की अदालत ने उनके खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था। इसी से जुड़े जबरन वसूली और मकोका मामले में सुकेश तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए थे। इसके बाद नई अर्जी दाखिल कर जैकलीन को भी मकोका मामले में आरोपी बनाने की मांग की गई।
जेल से चलता था कथित वसूली का नेटवर्क!
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सुकेश ने जेल में रहते हुए रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से कथित तौर पर बड़ी रकम की मांग की थी। आरोप है कि उसने खुद को प्रभावशाली सरकारी अधिकारी बताकर उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने और कानूनी मदद दिलाने का भरोसा दिया। जांच में पुलिस ने कथित तौर पर इसे एक संगठित अपराध सिंडिकेट से जोड़ते हुए मकोका की धाराएं लगार्इं।
