मुख्यपृष्ठनए समाचारदेवदर्शन से लौटते समय काल का कहर!

देवदर्शन से लौटते समय काल का कहर!

-मुंबई के चार लोगों की मौत…वाहन के उड़े परखच्चे; छह गंभीर घायल

सुनील ओसवाल / मुंबई

मुंबई-नासिक महामार्ग पर शहापुर तालुका के अटगांव के पास भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गर्इं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई के जोगेश्वरी निवासी जैसवाल परिवार के सदस्य त्र्यंबकेश्वर में देवदर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद परिवार वाहन से मुंबई लौट रहा था। इसी दौरान अटगांव के पास सड़क किनारे करीब दो वर्ष से जले हुए हालत में खड़े एक ट्रक से उनके वाहन की पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों के साथ महामार्ग पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल शहापुर उपजिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। छह घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। मृतकों में श्रीराम जैसवाल, आयुष जैस्वाल, लाडो जैसवाल और सूरज जैसवाल के नाम बताए गए हैं। वहीं घायलों में सुभी जैसवाल, शिवम जैसवाल, हाशिक जैसवाल, सुनीता जैसवाल, राधिका जैसवाल और सतीश जैसवाल शामिल हैं।
जले ट्रक ने उजाड़ दिया परिवार!
मुंबई-नासिक महामार्ग पर अटगांव के पास जले हुए ट्रक से पीछे से टकराने पर जैसवाल परिवार की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं। छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए। क्रेन से वाहन हटाकर यातायात बहाल किया गया।

अन्य समाचार