– वडाला रोड के प्लेटफॉर्म २-३ पर ट्रेन और प्लेटफॉर्म की ऊंचाई में भारी अंतर
– चुनाभट्टी, वाशी, घाटकोपर और डोंबिवली में भी उठ चुके हैं सवाल; रेलवे ने जांच में मानी खामी
संदीप पांडेय / मुंबई
मुंबई लोकल से प्रतिदिन लाखों यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाने वाला रेलवे तंत्र स्टेशनों पर सुरक्षित चढ़ने-उतरने की बुनियादी व्यवस्था भी सुनिश्चित नहीं कर पा रहा है। हार्बर लाइन के वडाला रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक २ और ३ पर लोकल के फुटबोर्ड तथा प्लेटफॉर्म की ऊंचाई में करीब एक फुट का अंतर सामने आया है। पीक आवर्स की धक्का-मुक्की में यह फासला किसी यात्री को सीधे पटरी पर पहुंचा सकता है।
सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों, दिव्यांगों, महिलाओं तथा सामान लेकर यात्रा करने वालों को हो रही है। ट्रेन के कुछ सेकंड के ठहराव में यात्रियों को लगभग छलांग लगाकर चढ़ना-उतरना पड़ता है। संतुलन बिगड़ा तो छोटी-सी चूक जानलेवा हादसे में बदल सकती है।
चिंताजनक यह है कि यह समस्या केवल वडाला रोड तक सीमित नहीं रही है। चुनाभट्टी स्टेशन के गैप को लेकर यात्रियों ने सार्वजनिक शिकायतें की हैं। वाशी के चार प्लेटफॉर्म पर पूर्व में फुटबोर्ड और प्लेटफॉर्म का अंतर ६ से १८ इंच तक होने की बात सामने आई थी। घाटकोपर में प्लेटफॉर्म गैप में गिरने की दुर्घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं, जबकि डोंबिवली में भी यात्रियों ने ट्रेन-प्लेटफॉर्म अंतर पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन स्टेशनों की मौजूदा स्थिति का रेलवे से नया संयुक्त निरीक्षण कराया जाना आवश्यक है।
रेलवे अधिकारी के अनुसार, वडाला रोड पर ऊंचाई की जांच कर रिपोर्ट वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) को भेजी जा चुकी है और मंजूरी के बाद काम शुरू होगा।
फुटबोर्ड और प्लेटफॉर्म के बीच ‘खतरनाक’ फासला!
वडाला रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक २ और ३ पर लोकल के फुटबोर्ड व प्लेटफॉर्म की ऊंचाई में करीब एक फुट का अंतर सामने आया है। पीक आवर्स की भीड़ में यह गैप यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। रेलवे ने जांच रिपोर्ट भेजी है, अब कार्रवाई का इंतजार है।
